जूता चुराई की रस्म में मांगे 50 हजार, बारात लौटी बिना दुल्हन – दूल्हे ने दिया तलाक

बिजनौर (नजीबाबाद)। शादी में निभाई जाने वाली मजाकिया रस्म जूता चुराई एक बड़े विवाद का कारण बन गई। मामला उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के नजीबाबाद थाना क्षेत्र का है, जहां जूता चुराई की रस्म में 50 हजार रुपये की मांग को लेकर दूल्हा और दुल्हन पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि बारात बिना दुल्हन के लौट गई और दूल्हे ने दुल्हन को तलाक दे दिया।
जानकारी के अनुसार, नजीबाबाद क्षेत्र के खुर्शीद की बेटी का निकाह देहरादून निवासी साबिर से तय हुआ था। साबिर, जो एक सैलून की दुकान संचालित करता है, शनिवार को धूमधाम से बारात लेकर पहुंचा था। शादी की रस्में चल रही थीं कि इसी दौरान जूता चुराई की रस्म शुरू हुई।
रिपोर्ट के मुताबिक, दुल्हन पक्ष ने दूल्हे से 50 हजार रुपये नेग की मांग की। दूल्हे ने इस राशि को देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद बात बिगड़ गई और विवाद मारपीट तक पहुंच गया।
दूल्हा पक्ष का आरोप है कि उनके साथ दुल्हन पक्ष ने मारपीट की, वहीं दुल्हन पक्ष का दावा है कि दूल्हा दहेज में स्विफ्ट कार की मांग कर रहा था। मामला पुलिस तक पहुंचा, लेकिन दोनों पक्षों में आपसी सहमति से कोई कानूनी कार्यवाही नहीं की गई।
थानाध्यक्ष जय भगवान सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद हुआ था लेकिन किसी ने कोई तहरीर नहीं दी। समझौते के बाद दूल्हा बिना निकाह किए लौट गया और बाद में तलाक भी दे दिया।