सायबर अपराधों एवं सुरक्षा के उद्देश्य से जन जागरूकता अभियान
नागरिकों व बच्चों को बताये सायबर अपराध से बचने के तरीके

नरसिहंपुर : पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में पुलिस प्रशासन नरसिंहपुर द्वारा जिले में सायबर अपराधों एवं हिंसा की रोकथाम और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एक फरवरी से 11 फरवरी तक सायबर सुरक्षा जन जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक” चलाया गया। इस अभियान का समापन 12 फरवरी को किया गया।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सायबर मेले का आयोजन कर विद्यार्थियों एवं आमजनों को सायबर अपराध से बचने के तरीके बताये गये। साइबर अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एक फरवरी से 11 फरवरी तक चलाये गये विशेष अभियान “सेफ क्लिक” के तहत सायबर मेले का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं जनसमुदाय की मौजूदगी में पुलिस अधिकारियों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो संदेशों के द्वारा लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचने के प्रति जागरूक किया गया। अभियान के अंतर्गत फ्रॉड स्कैम, डिजिटल अरेस्ट, पॉलिसी फ्रॉड, गेम फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की गयी। पुलिस द्वारा तैयार किए गए वीडियो संदेशों में साइबर अपराधियों के नए- नए तरीकों, व्यक्तिगत डेटा की सुरक्षा और उनसे बचने के उपायों को सरल भाषा में समझाया गया, ताकि आमजन सतर्क रह कर किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी का शिकार न हों ।