कृषि जगतजबलपुरटॉप न्यूज़मध्य प्रदेशराज्य

किसान स्थापित कर रहे हैं अपने खेतों में मिनी मौसम केंद्र

कृषक अंशुमाला धगट के खेत में लगे मिनी मौसम केंद्र का कृषि अधिकारियों ने किया निरीक्षण

कृषक अंशुमाला धगट के खेत में लगे मिनी मौसम केंद्र का कृषि अधिकारियों ने किया निरीक्षण

इस मौके पर किसान श्रीमति अंशुमाला अजय धगट ने बताया कि मिनी मौसम केंद्र से उन्हें वर्तमान एवं अगले पन्द्रह दिन के मौसम के पूर्वानुमान की सटीक जानकारी उपलब्ध हो जाती है। श्रीमति धगट ने बताया कि वे अपने लगभग 10 एकड़ खेत का मध्यप्रदेश राज्य जैविक प्रमाणीकरण संस्था भोपाल में जैविक प्रमाणीकरण हेतु पंजीयन करा चुकी हैं। उनके जैविक फार्म पर 110 गिर गाय हैं। इन गायों के गोबर एवं गौमूत्र से जीवामृत बनाने के लिए एडवांस लिक्विड बायोफर्टिलाइजर स्थापित किया गया है। एडवांस लिक्विड बायोफर्टिलाइजर किट में प्रतिदिन 200 लीटर जीवामृत तैयार होकर निकलता है। इसका प्रयोग वे अपने खेत में ही कर रही हैं।

मिनी मौसम केंद्र के निरीक्षण के अवसर पर संयुक्त संचालक कृषि के एस नेताम ने बताया कि मिनी मौसम केंद्र एक छोटा यन्त्र है, जिसे हर किसान द्वारा लगाया जा सकता है । इसकी मदद से किसान के खेत की लगातार वैज्ञानिक रूप से निगरानी होती है और यह वर्तमान फसल में मिटटी की स्थिति और मौसम की स्थिति अवगत कराता है। सटीक सिंचाई, कीट और रोग नियंत्रण खाद कार्यक्रम तथा स्प्रे कार्यक्रम जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने में यह किसान की मदद करता है।

उप संचालक कृषि डॉ एस के निगम ने बताया कि मिनी मौसम केंद्र फसलों के बारे में बीस प्रकार की जानकारी किसानों मुहैया करा सकता है। करीब 50 हजार रुपये कीमत का सॉफ्टवेयर आधारित ऑटोमेटिक वेदर स्टेशन (मिनी मौसम केंद्र) सूर्य के प्रकाश की तीव्रता, हवा की गति, हवा की दिशा, हवा का तापमान, हवा में नमी, वायुदाब, वर्षा, मिटटी का तापमान, मिटटी की नमी के दो स्तर और पत्तियों पर नमी जैसे महत्वपूर्ण पैरामीटर का पता लगाकर आगामी मौसम की जानकारी किसान को देने का कार्य करता है। जवाहरलाल नेहरु कृषि विश्व विद्यालय के मृदा विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक डॉ जी एस टैगोर ने बताया कि इस उपकरण से अत्यधिक रसायन के प्रयोग में कमी आयेगी और मृदा स्वास्थ्य में सुधार होगा।

अनुविभागीय कृषि अधिकारी पाटन डॉ इंदिरा त्रिपाठी के मुताबिक किसानों को मिनी मौसम केंद्र की सहायता से खेतों के लिए सटीक पानी प्रबंधन की जानकारी, खेत में पिछले दिये गये पानी का डाटा, फसलों में दी जाने वाली खाद की मात्रा, हफ्ते में कितने और कौन से पोषक तत्व दें इसकी जानकारी, पिछले डेटा के आधार पर रोग और कीटों का पूर्वानुमान, स्प्रे का सुझाव एवं स्प्रे करने के सही समय के साथ अगले 15 दिवस के मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी मिलती है। जिससे न केवल किसान आर्थिक नुकसान होने से बच सकता है, बल्कि किसान द्वारा जो अतिरिक्त रसायन फसल में डाले जाते है, उससे भी निजात पाई जा सकती है। डॉ इंदिरा त्रिपाठी ने बताया कि पाटन विकासखण्ड के ग्राम मादा, थाना और मुर्रई में भी किसानों द्वारा मिनी मौसम केंद्र स्थापित किये गये हैं।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
WhatsApp Group Join Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!