गाडरवारानरसिंहपुरमध्य प्रदेशराज्य

Gadarwara News-कलेक्टर की मौजूदगी में ग्राम जमाड़ा में आयोजित हुआ जनचौपाल का आयोजन

सुनी लोगों की समस्यायें, दिये अधिकारियों को निराकरण के निर्देश

कलेक्टर की मौजूदगी में ग्राम जमाड़ा में आयोजित हुआ जनचौपाल का आयोजन

सुनी लोगों की समस्यायें, दिये अधिकारियों को निराकरण के निर्देश

Gadarwara News : कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की मौजूदगी में जिले की गाडरवारा तहसील की जनपद पंचायत सांईखेड़ा के ग्राम पंचायत जमाड़ा में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में मौजूद ग्रामीणों ने कलेक्टर को अपनी- अपनी समस्यायें बताई, जिसके निराकरण के लिए कलेक्टर ने समय- सीमा में समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये।

      स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। इसमें यहां के ग्रामीणों की स्वास्थ्य की नि:शुल्क जांच की गई। जमाड़ा में आयोजित होने वाली यह 5 वीं जनचौपाल थी। इसके पूर्व कलेक्टर की मौजूदगी में जन चौपाल दिलहेरी (ग्वारी), ग्राम पंचायत मुर्गाखेड़ा, करेली, ग्राम पंचायत चांवरपाठा में आयोजित हुई हैं।

      ग्रामीणों से हुये संवाद में बताया गया कि गांव की सड़क बहुत खराब है। पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारी ने बताया कि गाडरवारा से बारहाबड़ा तक सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है। इसके बन जाने से 12 महीने आसानी से लोग आवागमन कर पायेंगे। ग्रामीणों ने बताया कि यहां बच्चों के लिए आंगनबाड़ी भवन की भी जरूरत है। इस पर कलेक्टर ने कहा कि ग्रामसभा में मिनी आंगनबाड़ी का प्रस्ताव लायें।

      नल- जल योजना के संचालन के संबंध में कलेक्टर ने यहां मौजूद ग्रामवासियों से घर- घर जल पहुंचने की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि आप लोगों को अब पानी के लिए परेशान तो नहीं होना पड़ता है। इस पर ग्रामीणों ने कहा कि अब जल जीवन मिशन की इस योजना से हमें दूर जाकर पानी नहीं लाना पड़ता है। इससे हमारे समय की काफी बचत हुई है। कलेक्टर ने कहा कि पानी का संरक्षण करें। अनावश्यक पानी नल से नहीं बहने दें। समय पर जल कर का भुगतान करें, जिससे योजना का क्रियान्वयन व संचालन नियमित रूप से जारी रहे। कुछ युवाओं ने बताया कि उन्हें अपना स्वयं का व्यवसाय करना है, ताकि वे आत्मनिर्भर हो सकें। कलेक्टर ने उन्हें मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के बारे में बताया।

कलेक्टर ने किया शासकीय माध्यमिक स्कूल जमाड़ा का निरीक्षण

कलेक्टर ने छात्र- छात्राओं से किया संवाद, बच्चों से पूछे प्रश्न

      जनचौपाल के पश्चात कलेक्टर श्रीमती पटले ने शासकीय माध्यमिक स्कूल जमाड़ा का औचक निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से संवाद कर उनसे प्रश्न भी पूछे।

      कलेक्टर ने कक्षा 6 वीं के विद्यार्थियों से अंग्रेजी में संवाद किया तो, पाया कि उनका भाषा ज्ञान अच्छा है। इस दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से पूछा कि आप क्या बनना चाहते हैं, तो कई विद्यार्थियों ने आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर, प्रशासनिक अधिकारी, शिक्षक बनने की बात कही।

      कलेक्टर ने छात्र- छात्राओं को पढ़ाई के टिप्स दिये। उन्होंने छात्र- छात्राओं को इंग्लिश, गणित सहित अन्य विषयों पर जरूरी जानकारी दी। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से सवाल किये, तो बच्चों ने भी कलेक्टर के सवालों का बेबाकी से जवाब दिया। उन्होंने कहा जब तक कोई विषय का टॉपिक समझ में नहीं आए तब तक आगे नहीं बढ़ें। सवाल करें और कॉन्सेप्ट को समझें। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। जीवन में सफलता पाने के लिए गति के साथ सही दिशा भी आवश्यक है। बच्चों को सही दिशा के लिए अपनी पसंद का करियर चुनना आवश्यक है।

      इस दौरान एसडीएम श्रीमती कलावती ब्यारे, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अनिल व्यौहार, सीईओ जनपद पंचायत, सरपंच, अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीणजन मौजूद थे।

 श्री राहुल वासनिक

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now
WhatsApp Group Join Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!