मध्यप्रदेश: कक्षा 5वीं और 8वीं के परीक्षा परिणाम 28 मार्च को होंगे घोषित

भोपाल। राज्य शिक्षा केन्द्र, स्कूल शिक्षा विभाग, मध्यप्रदेश द्वारा आयोजित कक्षा 5वीं और 8वीं की बोर्ड पैटर्न परीक्षाओं का परिणाम शुक्रवार, 28 मार्च 2025 को दोपहर 1 बजे घोषित किया जाएगा। यह जानकारी राज्य शिक्षा केन्द्र के संचालक श्री हरजिंदर सिंह ने दी है।
उन्होंने बताया कि परीक्षा परिणाम राज्य शिक्षा केन्द्र के आधिकारिक पोर्टल www.rskmp.in/result.aspx पर जारी किए जाएंगे। विद्यार्थी, अभिभावक एवं शिक्षक अपना रोल नंबर या समग्र आईडी दर्ज कर परिणाम देख सकेंगे। साथ ही, शालाओं के शिक्षक एवं संस्था प्रमुख विद्यार्थीवार परिणाम भी उसी पोर्टल पर देख सकेंगे।
गौरतलब है कि कक्षा 5वीं एवं 8वीं की यह बोर्ड पैटर्न परीक्षा 24 फरवरी से 5 मार्च 2025 के बीच आयोजित की गई थी। परीक्षा में प्रदेश भर की शासकीय, अशासकीय शालाओं एवं पंजीकृत मदरसों के विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
कक्षा 5वीं में 11.17 लाख से अधिक एवं कक्षा 8वीं में 11.68 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। कुल मिलाकर 22.85 लाख से अधिक विद्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया गया।
इसके लिए प्रदेशभर में 322 मूल्यांकन केन्द्र बनाए गए थे, जहाँ 1.19 लाख से अधिक मूल्यांकनकर्ताओं ने उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कर ऑनलाइन अंक प्रविष्ट किए।
श्री हरजिंदर सिंह ने बताया कि विभाग ने पूरी पारदर्शिता के साथ मूल्यांकन कार्य संपन्न किया है और सभी विद्यार्थियों को समय पर एवं सही परिणाम प्रदान करने के लिए तकनीकी व्यवस्था को सशक्त बनाया गया है।
विद्यार्थियों और अभिभावकों से आग्रह है कि वे 28 मार्च को दोपहर 1 बजे के बाद आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने परिणाम अवश्य देखें।