बहू बेटे को आशीर्वाद देने बीच सोफे पर बैठ गया ससुर, नाराज दुल्हन ने तोड़ी शादी, बैरंग लौटी बारात
UP के फतेहपुर जिले की एक दुल्हन ने विवाह की सारी रस्मे पूरी होने के बाद शादी करने से इनकार कर दिया है। दुल्हन का आरोप है कि ससुर शराब के नशे बहू के बगल में बैठ गया था। मामला थाना पुलिस तक पहुंचा था। इसके बाद दोनों पक्षों में लेनदेन के बाद सुलह समझौता हुआ और बारात बगैर दुल्हन के वापस लौट गई।

फतेहपुर, उत्तर प्रदेश: यूपी के फतेहपुर जिले में एक शादी उस वक्त विवाद का कारण बन गई जब जयमाल स्टेज पर ससुर के व्यवहार से नाराज दुल्हन ने विवाह से इनकार कर दिया। आरोप है कि दूल्हे का पिता नशे की हालत में बहू के पास बैठ गया, जिससे दुल्हन ने शादी करने से मना कर दिया।
गाजे-बाजे के साथ आई बारात, लेकिन दुल्हन ने ठुकराई शादी
मामला असोथर थाना क्षेत्र के एक गांव का है, जहां मंगलवार की रात गाजे-बाजे के साथ बारात पहुंची थी। शादी की सभी रस्में लगभग पूरी हो चुकी थीं, लेकिन जयमाल के बाद जब दूल्हे का पिता बहू और बेटे के बीच बैठ गया, तब दुल्हन भड़क गई। उसने ससुर पर शराब के नशे में होने का आरोप लगाते हुए शादी से इनकार कर दिया।
बवाल के बाद पहुंचा मामला थाने, बिना दुल्हन लौटी बारात
बारात में हंगामे के बाद मामला थाने तक पहुंच गया। लड़के पक्ष ने शादी में दिए गए उपहार और जेवर वापस करने की मांग की, जबकि लड़की पक्ष अपनी बात पर अड़ा रहा। थानाध्यक्ष अरविंद राय के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लेन-देन की वापसी पर समझौता हुआ और बारात बिना दुल्हन के लौट गई।
पहले हो चुकी थी शादी, तय हुई थी धूमधाम से विदाई
बता दें कि युवक और युवती की शादी 23 जनवरी को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत हो चुकी थी। दोनों परिवारों के बीच सहमति थी कि लड़की की धूमधाम से विदाई होगी, लेकिन इस विवाद के बाद शादी ही टूट गई।
ससुर की हरकत बनी विवाद की जड़
दुल्हन के फैसले से जहां लड़के पक्ष में नाराजगी है, वहीं कई लोग लड़की के फैसले का समर्थन कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।