हिंदू महाशक्ति संघ की वाहन रैली निकली, संगठन विस्तार पर हुआ मंथन

रिपोर्टर सुनील राठौर भौरा
भौरा। हिंदू महाशक्ति संघ द्वारा गुरुवार दोपहर को भव्य वाहन रैली निकाली गई, जिसमें संघ के राष्ट्रीय व प्रदेश पदाधिकारी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए। यह रैली गुडवंत बाबा दरबार, ग्राम सालीमेट से प्रारंभ होकर भौरा नगर के बजरंग मंदिर से आजाद वार्ड, रामलीला चौक, सीमेंट रोड, बस स्टैंड और माता मोहल्ला होते हुए मां बिजासन दरबार पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। समापन के पश्चात मां बीएन देवी दरबार में संगठनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न पदों पर नए दायित्वों का वितरण किया गया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने किया कार्यालय का उद्घाटन
इस अवसर पर हिंदू महाशक्ति संघ के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष किशोरी सिंह लोधी ने ग्राम सालीमेट में संगठन के कार्यालय का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म और संस्कृति की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। आज धर्मांतरण के षड्यंत्र तेजी से बढ़ रहे हैं। हमें एकजुट होकर इनका सामना करना होगा और समाज को जागरूक करना होगा। संघ का प्रत्येक कार्यकर्ता हिंदू समाज की सेवा और सुरक्षा के लिए समर्पित रहेगा।
हिंदुत्व की रक्षा सर्वोपरि
प्रदेश अध्यक्ष अनिल दुबे ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदू समाज को कमजोर करने के लिए साजिशें रची जा रही हैं, लेकिन हम अपने धर्म की रक्षा के लिए संकल्पित हैं। हमारी संस्कृति और परंपराएं हमारी पहचान हैं, जिन्हें कोई मिटा नहीं सकता। हिंदू महाशक्ति संघ का उद्देश्य समाज को जागरूक करना और धर्मांतरण जैसी समस्याओं से बचाना है।
जिला अध्यक्ष ने संगठन को मजबूत करने का किया आह्वान
बैतूल (ग्रामीण) जिला अध्यक्ष अमरजीत सिंह ठाकुर ने कहा कि संगठन को गांव-गांव और हर घर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। हिन्दू समाज को जागरूक करने और उन्हें उनकी धार्मिक जड़ों से जोड़े रखने के लिए हम निरंतर कार्य कर रहे हैं। धर्मांतरण जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए हम समाज में चेतना जगाने का काम कर रहे हैं।
वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष प्रमोद शर्मा – भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों पर लगेगी लगाम
वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष पंडित प्रमोद शर्मा ने कहा कि संगठन केवल धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज में हो रहे अन्याय, भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों पर भी कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा, “हम न केवल हिंदू संस्कृति की रक्षा करेंगे, बल्कि समाज में हो रहे भ्रष्टाचार और गैर-कानूनी गतिविधियों पर भी कड़ी नजर रखेंगे। अपराधी और भ्रष्टाचारी चाहे कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा। हिंदू समाज को लूटने और धोखा देने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को किया संबोधित
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी जितेंद्र राजवंशी ने कहा कि मीडिया के माध्यम से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। आज समाज को एक सशक्त हिंदू संगठन की आवश्यकता है, जो हिंदुत्व की रक्षा के लिए पूरी तरह समर्पित हो।
नए पदाधिकारियों को सौंपे नियुक्ति पत्र
रैली के समापन के बाद आयोजित कार्यक्रम में संघ के सदस्यों एवं अन्य पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस अवसर पर संघ के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में हिंदू एकता और धर्म-संस्कृति की रक्षा के लिए संकल्प लिया गया। उपस्थित जनसमूह ने हिंदू महाशक्ति संघ के उद्देश्य को आगे बढ़ाने का संकल्प लेते हुए जय श्रीराम और हर-हर महादेव के उद्घोष किए।