रामनवमी पर सालीचौका में निकली भव्य शोभायात्रा, श्रीराम दरबार की झांकी ने मोहा मन

संवाददाता अवधेश चौकसे
सालीचौका। नगर में रामनवमी के पावन अवसर पर अयोध्यावासी वैश्य नगर सभा सालीचौका के तत्वाधान में हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जन्मोत्सव पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया।
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम दरबार की आकर्षक झांकी निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्वजातीय बंधु, माताएं और बहनें उत्साहपूर्वक शामिल हुईं। नगर की गलियों से गुजरती हुई यह यात्रा श्रद्धा और भक्ति के रंग में रंगी नजर आई।
यात्रा का समापन श्री देव राधाकृष्ण मंदिर में पूजन-अर्चन और प्रसाद वितरण के साथ हुआ। भजन-कीर्तन और जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
नगरवासियों ने शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया, जिससे सामाजिक एकता और धार्मिक सौहार्द का सुंदर उदाहरण देखने को मिला। आयोजन की भव्यता और श्रद्धा से भरे इस पर्व ने नगरवासियों के हृदय में धार्मिक आस्था की गहराई को और मजबूत किया।