नगर पालिका के 100 से ऊपर दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों पर गिरी गाज, दैवेभो कर्मचारियो की गई सेवा समाप्त
नगर पालिका के 100 से ऊपर दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों पर गिरी गाज, दैवेभो कर्मचारियो की गई सेवा समाप्त
गाडरवारा । नगरपालिका के 100 से ऊपर दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त करने की चर्चा कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर जमकर चल रही थी। जब नगरपालिका से इस विषय मे जानकारी ली तो पता चला कि नगर पालिका की वित्तीय स्थिति खराब होने के कारण एक जनवरी 2020 से लगे दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों की सेवाएं आगामी आदेश तक समाप्त की जा रही है। जो कि सोमवार के दिन सच होता दिखा। जब एक जनवरी 2020 से लगे दैनिक वेतन कर्मचारियों की आगामी आदेश तक सेवा समाप्त कर दी। इनमें जो भी कर्मचारी वसूली कार्य में संलग्न थे, उनसे वसूली की रसीद गड्डी भी कार्यालय में जमा कराई गई। इन दैनिक वेतन कर्मचारीगणों की सेवाएं समाप्त करने से नगर पालिका को लगभग 15 लाख रुपए की बचत होगी। वहीं दूसरी ओर नगरपालिका प्रशासन के पास कर्मचारियों की कमी होने के कारण वसूली से लेकर अन्य कार्य में प्रभावित होने की संभावनाएं भी बनी हुई है। इसके पीछे प्रमुख कारण यह भी बताया जा रहा है कि राज्य शासन से जो चुंगी क्षतिपूर्ति राशि मिलती थी। उसमें से विद्युत विभाग की बकाया लाखों रुपए की राशि को शासन स्तर से ही काटकर निकाय को शेष राशि उपलब्ध कराई गई। जिससे निकाय के कर्मचारियों का वेतन भुगतान भी संभव नहीं हो सका। जिन दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की सेवाएं समाप्त की गई है उन्हें संकट का सामना करना पड़ सकता है । उनका परिवार नगरपालिका की वेतन पर आश्रित था, अब उनको जीवन यापन करने में परेशानियां हो सकती है ।
इनका कहना है
इस संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी वैभव देशमुख का कहना है नगर पालिका की वित्तीय स्थिति खराब होने के कारण यह कदम उठाया गया है। यदि नपा को कर्मचारियों की आवश्यकता पड़ेगी तो उनको आवश्यकता अनुसार पुनः सेवा में लिया जा सकता है