सौतेली मां ने चार साल के मासूम को गर्म तवे पर बैठाया, लड्डू चुराने पर दी खौफनाक सजा
सौतेली मां ने चार साल के मासूम को गर्म तवे पर बैठाया, लड्डू चुराने पर दी खौफनाक सजा

गाजियाबाद, 7 फरवरी: गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। एक सौतेली मां ने महज लड्डू चुराने पर चार साल के मासूम को गर्म तवे पर बैठा दिया। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित बच्चा मूल रूप से महाराष्ट्र निवासी व्यक्ति का पुत्र है, जो दिल्ली के गांधी नगर में एक सिलाई फैक्ट्री में काम करता है। युवक का दो साल पहले अपनी पहली पत्नी से तलाक हो गया था। चार साल के बच्चे की देखभाल की जिम्मेदारी पिता के पास थी। आठ महीने पहले पिता ने काजल नाम की युवती से दूसरी शादी की थी।
घटना का खुलासा कैसे हुआ?
यह घटना 30 जनवरी की है। सौतेली मां ने मासूम को गर्म तवे पर बैठा दिया और उसे धमकाया कि वह पिता को इस बारे में कुछ न बताए। बच्चा डर के कारण चुप रहा, लेकिन पिता ने उसके शरीर पर जले के निशान देखे तो सच सामने आ गया।
पिता ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित पिता ने तुरंत शालीमार गार्डन थाने में आरोपी महिला के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया।
पुलिस का बयान
थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी महिला के खिलाफ सख्त धाराओं में केस दर्ज किया गया है। बच्चे की चिकित्सा करवाई गई है और उसकी हालत अब स्थिर है।