
इंदौर।
राजा रघुवंशी मर्डर केस में हर दिन चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। अब इस सनसनीखेज मामले में आरोपी सोनम रघुवंशी और उसके प्रेमी राज कुशवाहा की एक तस्वीर सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह फोटो सोनम की शादी से पहले की है, जिसमें दोनों एक साथ बैठे मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। पुलिस की जांच में पहले ही सामने आ चुका है कि सोनम और राज का अफेयर शादी से पहले ही चल रहा था।
परिवार को था रिश्ते का अंदेशा?
सूत्रों के मुताबिक, सोनम और राज के रिश्ते की जानकारी सोनम के परिजनों को थी, इसलिए आनन-फानन में सोनम की शादी राजा रघुवंशी से करवा दी गई। शादी के बाद दोनों हनीमून के लिए मेघालय गए, लेकिन वहां से सोनम और राजा लापता हो गए। कई दिनों बाद राजा की लाश मिली और सोनम भी गायब रही। आखिरकार उसने गाजीपुर में सरेंडर किया।
राज के लिए पति की हत्या
पुलिस जांच में साफ हो चुका है कि सोनम ने प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या करवाई। अब दोनों के साथ तीन अन्य आरोपी मेघालय पुलिस की हिरासत में हैं। सभी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया चल रही है।
कहां और कैसे शुरू हुआ प्यार?
सोनम का मायका इंदौर के गोविंद नगर खारचा इलाके में है। उसके पिता सनमाइका शीट का कारोबार करते हैं और राज उसी प्रतिष्ठान में काम करता था। वहीं सोनम भी अकसर पिता के साथ ऑफिस आती-जाती थी। इसी दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ीं। राज, सोनम से उम्र में 5 साल छोटा है और घर में उसे ‘दीदी’ कहकर पुकारता था – लेकिन पीछे से एक गहरा रिश्ता चल रहा था।
अंतिम संस्कार में भी शामिल हुआ था राज
इस मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि राजा रघुवंशी के अंतिम संस्कार में राज खुद भी शामिल हुआ था। यहां तक कि वह गाड़ी चलाकर लोगों को श्मशान तक ले गया। एक स्थानीय निवासी लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने बताया कि जब उन्होंने टीवी पर राज की फोटो देखी, तब पहचान पाए कि वही व्यक्ति उन्हें अंत्येष्टि स्थल तक लेकर गया था।
अब फैसला कोर्ट के हाथ में
फिलहाल पुलिस की जांच पूरी हो चुकी है और यह साबित हो चुका है कि हत्या की साजिश सोनम और राज ने मिलकर रची। अब मामला कोर्ट के अधीन है और दोनों को सख्त सजा मिलना तय माना जा रहा है। इस जघन्य अपराध ने न केवल एक जान ली, बल्कि मेघालय जैसे पर्यटन स्थल की छवि को भी नुकसान पहुंचाया।
जुड़े रहिए हमारे साथ, हम इस मामले से जुड़ी हर बड़ी खबर सबसे पहले आप तक पहुंचाएंगे।