गाँव खैरी टूड़नी से बॉलीवुड तक: अभिनेता अभिनय सिंह ठाकुर की संघर्षपूर्ण यात्रा
सतपुड़ा की गोद से मुंबई तक, "छवि" फिल्म में निभाया सहायक वकील का किरदार

सालीचौका, नरसिंहपुर – मध्य प्रदेश के छोटे से आदिवासी बाहुल्य गाँव खैरी (टूड़नी) से निकलकर अभिनय सिंह ठाकुर ने बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बना ली है। कड़ी मेहनत और संघर्ष के बाद, अब वे बड़े पर्दे पर अपनी अदाकारी का जादू बिखेरने को तैयार हैं।
संघर्ष की शुरुआत और पहला ब्रेक
अभिनय सिंह ठाकुर बचपन से ही अभिनेता बनने का सपना देखते थे। अपनी स्कूली शिक्षा बाराहबड़ा और सालीचौका में पूरी करने के बाद, उन्होंने दिल्ली में अपनी फिल्मी यात्रा शुरू की। शुरुआत में उन्हें हरियाणवी फिल्म “अधूरे सपने” में छोटा सा रोल मिला, लेकिन यह फिल्म रिलीज नहीं हो सकी। इसके बाद, कुछ हरियाणवी म्यूजिक वीडियो में भी काम किया, लेकिन उन्हें खास पहचान नहीं मिली।

पहली सफलता और आगे का सफर
भोजपुरी फिल्म “प्यार के एहसास” की अभिनेत्री शिल्पी शर्मा के साथ उन्होंने हिंदी म्यूजिक वीडियो “सच्ची मोहब्बत” में लीड रोल किया, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया। इसके बाद “ज़ख्मों का है बिछौना” जैसे वीडियो एलबम में भी उन्होंने अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया।
फिल्मों में एंट्री और बड़े कलाकारों के साथ काम
अभिनय सिंह ठाकुर ने हिंदी फिल्म “द ग्रेट सीबी” में एक किसान का अहम किरदार निभाया, जिसमें उनके साथ मशहूर अभिनेता मुश्ताक खान भी नजर आए। इसके अलावा, उनकी आगामी फिल्म “एविल घोस्ट” में वे लीड रोल में नजर आएंगे।
सबसे खास बात यह है कि वे “छवि” फिल्म में सहायक वकील के रूप में एक दमदार भूमिका में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में मिक्की मखीजा, श्याम माशेलकर, विनोद नायर और संजय गुरबक्सानी जैसे कलाकार भी शामिल हैं। यह फिल्म 2025 के अंत तक रिलीज होगी।
डायरेक्टर सनोज मिश्रा की अगली फिल्म में निभाएंगे अहम किरदार
“द डायरी ऑफ मणिपुर” फिल्म से चर्चा में आई अभिनेत्री मोनालिसा की फिल्म के बाद, अब अभिनय सिंह ठाकुर डायरेक्टर सनोज मिश्रा की आगामी फिल्म में एक अहम भूमिका निभाने जा रहे हैं। उन्होंने सनोज मिश्रा को अपना प्रेरणास्रोत और गुरु मानते हुए दर्शकों से अपील की है कि उनकी फिल्मों को जरूर देखें और सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही झूठी अफवाहों पर ध्यान न दें।
“राजनेता नहीं, अभिनेता बनकर रोशन करेंगे जिले का नाम”
अभिनय सिंह ठाकुर का सपना नेता नहीं, बल्कि एक अभिनेता बनकर अपने जिले और प्रदेश का नाम रोशन करना है। उनकी इस सफलता पर उनके शुभचिंतकों ने उन्हें ढेरों शुभकामनाएँ दी हैं।