उमरिया रजिस्टार कार्यालय में रिकॉर्ड राजस्व जमा, एक ही रजिस्ट्री से 17.53 करोड़ शासन के खाते में

उमरिया। पंजीयन विभाग ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए एक ही दस्तावेज में 17.53 करोड़ रुपये का राजस्व जमा कराकर संभाग में नया रिकॉर्ड बनाया है। यह अब तक का सर्वाधिक राजस्व संग्रहण है, जो संपदा 2.0 लागू होने के बाद संभव हो सका है।
लक्ष्य से अधिक राजस्व संग्रहण
उप पंजीयक आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि उमरिया जिले को वित्तीय वर्ष में 21 करोड़ रुपये राजस्व संग्रहण का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन अब तक 35 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है, जो तय लक्ष्य से कहीं अधिक है।
कोल ब्लॉक लीज से हुआ रिकॉर्ड राजस्व संग्रहण
जिला पंजीयक पंकज कोरी ने बताया कि उमरिया जिले में सारडा कोल ब्लॉक के लिए आवंटित भूमि से राजस्व में यह बढ़ोतरी हुई है। यह लीज 30 वर्षों के लिए प्रदान की गई है, जिसमें 1248.108 हेक्टेयर भूमि शामिल है।
किन क्षेत्रों की भूमि शामिल?
यह लीज उमरिया और शहडोल जिलों की वन, राजस्व और निजी भूमि को शामिल करते हुए निष्पादित की गई है। इसमें उमरिया जिले के खम्हरियाखुर्द, कुसमहाखुर्द और शाहपुर गांव तथा शहडोल जिले के कठौतिया और खम्हरियाकला गांव शामिल हैं।
लीज निष्पादन में अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका
इस खनिज लीज को कंपनी की ओर से रामाराव भगवततुल्ला और खनिज विभाग की ओर से नरबद सिंह आर्मो (सहायक खनिज निरीक्षक) द्वारा निष्पादित किया गया। लीज निष्पादन प्रक्रिया में सेवा प्रदाता राहुल यादव, नौसाद अहमद और अधिवक्ता वसीम अंसारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह रिकॉर्ड संग्रहण उमरिया जिले के राजस्व विकास में मील का पत्थर साबित होगा और इससे क्षेत्र में आर्थिक मजबूती आएगी।