उज्जैन में महाकाल दर्शन को जा रही महिला से ट्रेन में छेड़छाड़, यात्रियों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने आरोपी को पीटा

उज्जैन। रांची से महाकाल के दर्शन के लिए आ रही एक महिला के साथ शिप्रा एक्सप्रेस (22912) के थर्ड एसी कोच में छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला के विरोध करने पर यात्रियों ने आरोपी कोच अटेंडेंट सादिक पठान की ट्रेन में ही पिटाई कर दी। उज्जैन रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के रुकते ही हिंदूवादी संगठन बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी आरोपी को पकड़कर पीटा और फिर जीआरपी पुलिस के हवाले कर दिया।
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम?
रांची निवासी महिला अपने पति और बच्ची के साथ शिप्रा एक्सप्रेस में सफर कर रही थी। उसका थर्ड एसी का टिकट कन्फर्म नहीं था, इसलिए धनबाद स्टेशन से वह थर्ड एसी कोच में चली गई। वहीं, कोच अटेंडेंट सादिक पठान (निवासी बैरसिया, भोपाल) आया और महिला से टिकट कन्फर्म कराने की बात कही। उसने महिला को तब तक अपनी सीट पर बैठने को कहा।
रात में महिला सो गई, लेकिन सुबह करीब 5 बजे, जब ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर स्टेशन के पास पहुंची, तो महिला की नींद खुली। उसने देखा कि कोच अटेंडेंट उसके साथ अश्लील हरकत कर रहा था। महिला ने शोर मचाया और अटेंडेंट को धक्का देकर हटाया। इसके बाद उसने अपने पति को जगाकर घटना की जानकारी दी।
ट्रेन में यात्रियों ने की पिटाई, उज्जैन में बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने फिर पीटा
महिला के शिकायत करने पर ट्रेन में मौजूद यात्रियों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। जब ट्रेन उज्जैन रेलवे स्टेशन पहुंची, तो बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को घटना की जानकारी मिली। उन्होंने आरोपी को फिर से पीटा और जीआरपी पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस कार्रवाई और आगे की जांच
जीआरपी पुलिस के अनुसार, यह घटना उत्तर प्रदेश के क्षेत्र में हुई है, इसलिए इस मामले में जीरो एफआईआर दर्ज कर केस को संबंधित राज्य को ट्रांसफर किया जाएगा।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चिकित्सा परीक्षण के लिए चरक अस्पताल में भर्ती कराया है। आगे की जांच जारी है।