शक्ति धाम में गूंजे जयकारे, शतचंडी महायज्ञ एवं देवी पुराण कथा का भव्य आयोजन
कन्या साक्षात् जगदम्बा होती है – दीनबंधु शरण जी महाराज

गाडरवारा। नगर के शक्ति धाम मंदिर परिसर में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। माँ दुर्गा देवी प्राण प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर शतचंडी महायज्ञ एवं देवी पुराण कथा का भव्य आयोजन किया जा रहा है। प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु इस धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
इस आयोजन में परम पूज्य दीनबंधु शरण जी महाराज (श्रीधाम वृंदावन) अपने दिव्य प्रवचनों के माध्यम से भक्तों को देवी महिमा का महत्व समझा रहे हैं। अपने प्रवचन में उन्होंने कन्या के महत्व पर विशेष रूप से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि “कन्या साक्षात् जगदम्बा होती है।” आज समाज में पुत्र जन्म को अधिक महत्व दिया जाता है, जबकि कन्या जन्म ईश्वर का सबसे बड़ा वरदान होता है। जो परिवार कन्या को जन्म देता है, वह सौभाग्यशाली होता है क्योंकि बेटियां दोनों कुलों का नाम रोशन करती हैं और माता-पिता की सच्ची सेवा करती हैं।
शतचंडी महायज्ञ एवं देवी पुराण कथा का कार्यक्रम
यह भव्य आयोजन 1 मार्च से प्रारंभ होकर 7 मार्च तक चलेगा। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 6 बजे तक देवी भागवत कथा का रसपान श्रद्धालु कर रहे हैं।
इस आयोजन में शतचंडी महायज्ञ भी किया जा रहा है, जिसमें श्रद्धालु धार्मिक अनुष्ठान कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। यज्ञाचार्य पंडित भगवान दास शास्त्री (इंदौर) के सानिध्य में यह विशेष यज्ञ संपन्न किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था
शक्ति धाम परिवार एवं आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएँ की गई हैं। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संगीतमय भजनों की प्रस्तुति, विशेष आरती एवं प्रसाद वितरण किया जा रहा है।
भव्य यज्ञशाला में भक्तगण विधि-विधान से परिक्रमा कर देवी माँ का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
आयोजन समिति की अपील
आयोजन समिति ने धर्म प्रेमी जनता से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में इस धार्मिक आयोजन में भाग लेकर श्रीदेवी भागवत कथा एवं शतचंडी महायज्ञ का पुण्य लाभ प्राप्त करें।