MP में सरकारी कर्मचारियों को जल्द मिलेगी प्रमोशन की सौगात, सीएम ने दिए निर्देश

भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार ने राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों को बड़ी राहत देने की तैयारी कर ली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी विभागों से प्रमोशन के पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों की सूची मंगाई है। सरकार जल्द ही इस संबंध में कैबिनेट बैठक कर प्रमोशन से जुड़ा अहम निर्णय ले सकती है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि वर्षों से लंबित प्रमोशन के मामले अब सुलझाए जाएंगे। राज्य शासन ने आरक्षण से जुड़े विवाद और अन्य बाधाओं को दूर कर पदोन्नति का रास्ता साफ कर दिया है। इस फैसले से प्रदेश के लगभग 4 लाख अधिकारी-कर्मचारी लाभान्वित होंगे।
8 वर्षों से रुका हुआ था प्रमोशन
प्रदेश में लगभग आठ साल से प्रमोशन की प्रक्रिया रुकी हुई थी। इस दौरान कई अधिकारी-कर्मचारी सेवा अवधि पूरी कर सेवानिवृत्त भी हो गए, जिन्हें उनके हक का प्रमोशन नहीं मिल सका। मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए 12 से अधिक बैठकों का आयोजन किया और विभागीय मंत्रियों से भी चर्चा की।
जल्द होगी कैबिनेट बैठक
डॉ. मोहन यादव ने जानकारी दी कि जल्द ही कैबिनेट बैठक में प्रमोशन से जुड़ा फैसला लिया जाएगा। राज्य शासन इस निर्णय को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहा है ताकि योग्य कर्मचारियों को उनका हक मिल सके।
मुख्यमंत्री ने दी शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री ने सभी शासकीय सेवकों को अग्रिम बधाई और शुभकामनाएं दी हैं और आश्वस्त किया है कि उनका यह लंबा इंतजार जल्द ही समाप्त होगा।