हिंदू महाशक्ति संघ की वाहन एवं पैदल रैली 20 फरवरी को, हिंदुत्व जागरण का होगा आह्वान

रिपोर्टर सुनील राठौर भौरा
भौरा। हिंदू महाशक्ति संघ द्वारा हिंदुत्व जागरण के उद्देश्य से 20 फरवरी, गुरुवार को एक भव्य वाहन एवं पैदल रैली निकाली जाएगी। यह रैली दोपहर 1:00 बजे गुडवंत बाबा दरबार, ग्राम सालीमेट से प्रारंभ होकर भौरा नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए माँ विजासेन देवी दरबार पहुंचेगी, जहां मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
रैली में संघ के राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। इसी दौरान संघ में नए सदस्यों की नियुक्ति भी की जाएगी। रैली के प्रारंभ में ग्राम सालीमेट में संगठन के नए कार्यालय का उद्घाटन किया जाएगा, जिसके उपरांत रैली विभिन्न मार्गों से होते हुए भौरा पहुंचेगी।
हिंदुत्व जागरण के लिए जनता से सहभागिता की अपील
संघ के ग्रामीण जिला अध्यक्ष बैतूल अमरजीत सिंह ठाकुर उर्फ गब्बर ने क्षेत्र के नागरिकों व कार्यकर्ताओं से इस रैली में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह रैली हिंदुत्व को जागृत करने और जनसमुदाय को एकजुट करने के उद्देश्य से निकाली जा रही है। उन्होंने लोगों से निवेदन किया कि वे अपने व्यस्त समय से कुछ क्षण निकालकर इस आयोजन में सहभागिता करें और हिंदू एकता को सशक्त बनाएं।
रैली को लेकर संघ के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है, वहीं आयोजन की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। आयोजन समिति ने सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात नियंत्रण के लिए प्रशासन से आवश्यक सहयोग की अपील की है।