
नई दिल्ली। देश के उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी कारणों को अपने इस्तीफे की वजह बताया है।
राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने धनखड़ का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है। बताया गया है कि उप राष्ट्रपति बीते कुछ महीनों से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे थे और चिकित्सकों की सलाह पर उन्होंने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया।
धनखड़ ने अगस्त 2022 में भारत के 14वें उप राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली थी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने राज्यसभा के सभापति के रूप में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए और सदन की कार्यवाही को गरिमामयी ढंग से संचालित किया।
अब उनके इस्तीफे के बाद उप राष्ट्रपति पद के लिए नए नामों को लेकर सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं। राजनीतिक गलियारों में संभावित उम्मीदवारों को लेकर चर्चा शुरू हो चुकी है।