IIFM भोपाल के विद्यार्थियों ने किया शाहपुर संघ का शैक्षणिक भ्रमण
लखपति दीदी इनिशिएटिव एवं समूह आधारित आजीविका गतिविधियों पर लिया प्रशिक्षण

संवाददाता शैलेंद्र गुप्ता शाहपुर
शाहपुर (जिला बैतूल), 23 जून। भारतीय वन प्रबंधन संस्थान (IIFM), भोपाल में अध्ययनरत 120 विद्यार्थियों का दल सोमवार को शाहपुर विकासखंड स्थित प्रतिज्ञा संकुल स्तरीय संघ के शैक्षणिक भ्रमण पर पहुँचा। इस भ्रमण का उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर संचालित आजीविका गतिविधियों, महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक संगठन प्रणालियों को प्रत्यक्ष रूप से समझना था।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को दीदियों द्वारा स्वयं सहायता समूह (SHG) एवं ग्राम संगठन (VO) के माध्यम से की जा रही आजीविका गतिविधियों की जानकारी दी गई। उन्हें यह भी बताया गया कि कैसे ये महिलाएं लखपति दीदी इनिशिएटिव के अंतर्गत वर्ष में एक लाख रुपये या उससे अधिक की आमदनी अर्जित करने में सक्षम बन रही हैं।
भ्रमण कार्यक्रम का नेतृत्व घनश्याम यादव, विकासखंड प्रबंधक, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM), शाहपुर द्वारा किया गया। उन्होंने विस्तारपूर्वक SHG, VO एवं संकुल स्तरीय संगठन (CLF) की कार्यप्रणाली, संरचना और संचालन प्रक्रिया की जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएं समूह से जुड़कर कृषि, पशुपालन, उद्यमिता, उत्पाद निर्माण एवं सेवा आधारित कार्यों के माध्यम से कैसे अपनी आय बढ़ा रही हैं और आत्मनिर्भर बन रही हैं।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का उत्तर भी श्री यादव द्वारा दिया गया। उन्होंने छात्रों को ग्रामीण सशक्तिकरण और सामुदायिक विकास की दिशा में कार्य करने हेतु प्रेरित किया।
यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए न केवल एक अनुभवात्मक शिक्षण का माध्यम रहा, बल्कि सामाजिक सरोकारों की समझ विकसित करने में भी सहायक सिद्ध हुआ।