नगर की बेटी शानू कोरी ने बढ़ाया गाडरवारा का मान, बनीं सहायक संचालक
नगर की बेटी शानू कोरी ने बढ़ाया गाडरवारा का मान, बनीं सहायक संचालक
गाडरवारा। नगर की बेटी शानू कोरी ने मध्य प्रदेश राज्य सेवा परीक्षा (लोक सेवा आयोग 2022) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने परिवार और गाडरवारा का नाम रोशन किया है। शानू का चयन सहायक संचालक, स्कूल शिक्षा विभाग के पद पर हुआ है। यह उनकी मेहनत, समर्पण और प्रतिभा का अद्भुत परिणाम है।
शिक्षक पिता के सपनों को किया साकार
चावड़ी वार्ड की निवासी शानू कोरी के पिता टेकचंद कोरी एक सेवानिवृत्त शिक्षक हैं। शानू ने अपने पिता से मिली प्रेरणा और मार्गदर्शन को अपनी मेहनत से साकार किया। बचपन से ही पढ़ाई में रुचि रखने वाली शानू ने इस सफलता के लिए कड़ी मेहनत और अनुशासन का पालन किया।
नगरवासियों ने दी शुभकामनाएं
शानू के चयन की खबर सुनते ही परिवार, मित्र और नगरवासी खुशी से झूम उठे। सभी ने शानू की मेहनत की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। नगरवासियों का कहना है कि शानू ने न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गाडरवारा को गौरवान्वित किया है।
प्रेरणा बनीं शानू
इस सफलता ने शानू कोरी को गाडरवारा की बेटियों के लिए एक प्रेरणा बना दिया है। उनके शुभचिंतकों को विश्वास है कि वह अपने पद पर रहते हुए शिक्षा क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगी और नगर व राज्य का नाम और ऊंचा करेंगी।