27 जून को निकाली जाएगी भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा

गाडरवारा। रथ यात्रा शुक्रवार 27 जून को निकाली जाएगी। यह पर्व हर साल आषाढ़ महीने के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। जगदीश मंदिर से निकलने वाली यह यात्रा भगवान जगन्नाथ, उनके बड़े भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा साथ होती है। देखनी है कि यह रथयात्रा 27 जून को जगन्नाथ धाम, जगदीश मंदिर से, दोपहर 12 बजे से निकाली जायेगी, रथयात्रा जगदीश मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्ग पुरानी गल्ला मंडी, झंडा चोक, चोंकी, चांवडी, पानी की टंकी, पलोटन गंज, सरकारी अस्पताल, निर्मल मेडिकल से होते हुए, पुनः पानी की टंकी महावीर भवन, श्याम टाकीज़, सब्जी मंडी से होते हुए, पटैल वार्ड में अक्षय श्रीवास्तव सोनू मालगुजार के यहां रथयात्रा का समापन किया जायेगा।
बताया जाता है कि आयुर्वेद में वर्णित 10 औषधीय मूलों से तैयार विशेष काढ़ा दसमूलमोदक महाप्रभु को अर्पित किया गया। यह परंपरा पुरी से प्रेरित है, जहां महाप्रभु की मानव लीला के अनुसार बीमार होने पर आयुर्वेदिक उपचार किया जाता है। इस काढ़े का सेवन करने के बाद महाप्रभु की सेहत में तेजी से सुधार देखा गया है। वहीं एकादशी की रात को भगवान के शरीर पर चंदन का शीतल लेप चढ़ाया गया, जिसे चंदन सेवा कहा जाता है। इस प्रक्रिया से भगवान को शांति व ठंडक मिलती है और माना जाता है कि इसके बाद वे शीघ्र ही पूर्णतः स्वस्थ हो जाते हैं। यह परंपरा उस भाव को दर्शाती है कि भगवान भी भक्तों के लिए मानवीय रूप में लीलाएं करते हैं। परंपरा के अनुसार भगवान के स्वस्थ होने की जानकारी गजपति महाराज को दी जाती है। यहां भी इसी परंपरा को निभाते हुए महाप्रभु की सेवा में औषधियां और वस्त्रों को पूजन कर भोग के साथ अर्पित किया गया।
आयोजन समिति ने समस्त धर्म प्रेमियों से अनुरोध किया है की ज्यादा से ज्यादा संख्या में जगन्नाथ भगवान की रथयात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ कमाये।